Monday, May 11, 2015

पवन ऐसा डोलै: चार

रानी एही चौतरा पर ---

अगले दिन सोन पार उतर कर अगोरी की ओर डोल गए। ऊंचे सिंहद्वार पर सिंहवाहिनी दुर्गा। भीतर, जहां-तहां बढ़ चले झाड-गाछ-लतरें, ढही दीवारें, छितरी ईंटें, आगारों की ध्वस्त छतें और तिलिस्मी खजाने की खोज में पास-पड़ोसियों द्वारा फर्श पर खने गए गढे। इनके बीच रास्ता बनाते पश्चिमी सिरे की अधगिरी दीवार के सहारे बची रह गई छत पर जा बैठे। 

पीछे किले की दीवार से सोन तट तक को छूती चापाकार पर्वत श्रेंणी, अगले सिरे से सटे सोन के सुनहरे पाट पर सजी चमकीली धारा, ओ पार गहरी हरियाली के बीच फूली पीली सरसों। 

कुछ गयार-भैंसवार टहलते हुए किले के भीतर आए। एक काली बड़ी नाव से सवारियां उतरती रहीं। उतराई का पैसा ना चुका पाने वाले और सिर पर जलावन धरे औरतें पंजिया हेल कर नदी पार करते दिखे। एक बगल ऊंटों की कतार।  



बगल से गुजरे लम्बे, खासे कढ़े, मजबूत, पतली मूंछ वाले गयार ने बरबस हमारा ध्यान खींचा। लम्बी खुली कमीज़ और घुटनों तक चढी धोती में बड़ा जंच रहा था। टूटे कंगूरों पर चढ़ा, ढही प्राचीरों से उतरा, गिरते-गिरते लडखड़ा कर संभला। फिर, बीच के बड़े चौतरे पर पसर कर मुक्त भाव से अलापने लगा - "रानी एही चौतरा पै बैठल रहलीं ना -आ-आ-आ-आ-आ-आ-आ-आ-आ-आ-----।"  

थोड़ी ही देर में एक और फक्कड़ जवान 'रूदन खरवार' भी वहाँ आ जुटा। चुटकी भर तमाखू ओंठों में दबा कर पूरब दिशा में खेतों में बिखरे प्रस्तर-पट्टों  की ओर अंगुली उठा कर बताने लगा-

"सामने के खंड़हर की जगह कभी 'महरा' की बखरी रही। एतना धनी, बली ओ  समरथ कि अकेले अगोरी-राज बरब्बर।
एक बारी राजा अगोरी अपने राज में टहरै बदे निकरलन। 
'महरा' अपनी बखरी में सोना की चौकी पर जमल रहल, राजा के ओरी देखबौ न कईलस। 
राजा दू-एक बार खंखारलस तब्बौ नाहीं।
राजा ने महल में लौट कर सिपाही भेज कर 'महरा' के बुलाय कै कौड़ी खेलै के दांव फेंकलस - हम दुन्नो हई बरब्बर बकी राजा 
तो एक्के रही दुन्नो में से, जे जीतै, ओही रहै।

'महरा' मान गइल। राजा बिराजै राजगद्दी पै, ओ 'महरा' कथरी पर। 
कौड़ी फेंकावै लागल खड़ाभड़। 
घोड़ा-घुड्शाल, हाथी-हथिसार, घटिहटा गाँव, अगोरी पाल, किला-दरबार, राजा की गद्दी।
एक पै एक, महरा कुल जीततै गईल। 
राजा कान पकरि के निच्चे ओ 'महरा' चढ़ल सिंहासन उप्पर।

राजा मुंह लटकाए बन में चलल। राह में भेष रखवले बरह्मा मिल गइलन। राजा के लिलारे पै लिखल तुरतै बांच के बतउलें - वापिस अगोरी जाओ, साहोकार से धन उधारी जुटा के फिर से कौड़ी खेल़ौ, राज-पाट वापिस पाय जउब्या।  

अबकी 'महरा' सिंहासन पर ओ राजा कुश की कथरी पर। फिन फेकावै लागल कौड़ी - घोड़ा-घुड्शाल, हाथी-हथिसार, घटिहटा गाँव, अगोरी पाल,  किला-दरबार, राजा की गद्दी। एक पै एक, राजा जिततै चलल। 
सब जीत कै आखिरी दांव में 'महरिन' कै कोखवौ ओकर हो गइल - लइका भया तो घुडसाल में सईस, ओ लइकी भई तो रनिवास में दासी। 

महरिन के कोख से एक-एक कर छह कन्या जनमतै राजा के रनिवास गईं। 
सतवीं कै जनमले दिग-दिगंत में परकास फैल गया, पहरन सोना बरसा। 
महरिन के कहे उसका भाई 'सोबाचन'  नेग देवै बदे सेर भर सोना गंठियाय कै, नाल-छेदन बदे, नोना चमाइन के ली-आवै दौड़ल। 
बकी मौक़ा लउक कै नोनवौ तमक गइल - सतवंती कन्या जनमल हौ पालकी-कहार ली आवा तब्बै चलब। वो भी आया तो सोलह नाहीं बत्तीस सिंगार किए, चार चार अंगुल पै सोना कै तार जड़ल चटकत दखिनिही साड़ी पहरि कै चलल।   
सतवंती कन्या जनमल रहल, सोना के कटारी से नाल कटल। 
राजा सुनलस तो इहौ कन्या के महल में ली आवै लपकल। 
महरिन ने बड़ा दुःख पाया था, अब तक जनमते ही छह कन्याएं छिन चुकी थीं। इस बार चातुरी बानी बोली - 'इसे ले कर आप क्या करेंगे महाराज! माता का दूध पिलाया तो बहिन, बहिन का पिलाया तो भएनी, और, रानी का पिलाया तो पुत्री। फिर, आप इसका भोग कैसे करेंगे, महाराज ? मेरा दूध पिएगी तो जल्दी युवती होगी। किसी अहीर से ब्याह देंगे, हमारा धरम रह जाएगा। फिर, आप बल पूर्वक उसे अपने रनिवास में रख लीजिएगा।'
ई बात राजा के जंच गइल। 

कन्या के नाम धराइल 'मंजरी।' दिन दूना, रात चौगुना बढी। अनिन्न सुन्नरी निकरी। उसकी सुन्दरता की खबर पंख लगाए चौतरफा उड़ चली। अगोरी के राजा 'मुलागत' ने सुना तो उसे पाने को अकुलाया।

'मंजरी', जनम कै बिलक्षण। राजा को वारने को राजी नहीं और राजा से लड़ कर उससे ब्याह करे तो कौन? राजा से ठान कर धरती-आकाश-ओ-पाताल में रहत तो कहाँ ? 

ओहर 'गौरा गाँव' में रहा ए गो अहीर, नाम धराइल रहल 'लोरिक'। बेहिसाब साहस ओ ताकत कै धनी। जे ओसे टकराए, ढहि जाए। एक बारी 'सोन' ओ लोरिक में ठन गइल। कन्डाकोट पहाड़ से पाथल लाए कै लोरिका सोन कै धारा पाट देहेलस। आवाज़ लगाए तो बादर थर्राए, कदम धरे धरती धमके, एककै परग में सोन छलांग जाए। 

लोरिका कै करतब मंजरी लै पहुंचल तो मनै मन नेह जागल। साध उठल कि ओही से बियाह करब। लोरिका के पता चला तो बारात लै के अगोरी आ  
धमकल, ओ तलवार कै दम पर डोला लेवाए गइल। केकर बल जो लोहा ले ओसे। 
बकी, मारकुंडी घाटी पार करते-करते मंजरी ने लोरिका की परीछा लेने की गरज से लोरिका को ललकारा कि सामने की चट्टान तलवार के एककै वार में काटा त जानी तोके ? लोरिका की तलवार वज्र सी चली, चट्टान का एक हिस्सा गिर गया, दूसरा जस का तस रहा, दूर तक चिंगारी चटक गई।  

अब मंजरी ने दूसरी चुनौती रख दी - ऐसन कटे कि जस के तस खडी रहे।
लोरिका उहौ कै के देखाय देहलस। 
दो फांक कटल ऊ चट्टान आजऊ खडी बा उहाँ, लोरिका पाथल के नाम से पूजल जा ली। सीनुर फूटा ला ओसे। शादी के बाद सब दुलहिन ऊ सीनुर माथे धरैं ली, लम्मा सुहाग बदे ।'


---------   
कल की कल

No comments:

Post a Comment