Thursday, December 5, 2019

पुस्तक के बारे में लेखक का कहना है -

Rakesh Tewari
Published by Rakesh Tewari21 mins
रश्मि प्रकाशन लखनऊ
( पुस्तक के बारे में लेखक का कहना है -
जब जब मौका बना, बार-बार सोनभद्र, मीरजापुर और चंदौली जिलों में डेरा डाल कर शिला-चित्रों, मन्दिरों-मूर्तियों, किलों वगैरह का लेखा जुटाने के साथ ही सोन, रेणु, रिहन्द और बेलन की घाटियों, घाटों, वनों और गाँवों की खाक छानते, स्थानीय लोक-कथाओं-गीतों, बोली-बानी का रस-पान करता रहा। इस बीच निर्जन कुदरती दामन की तनहाई में सुकून पाने के नशे में, देखे-सुने और संवेगों-संवेदानाओं को लिख कर संजोने के चस्के के चलते यह वृत्तांत लिखा, अपनी 'भाखा' में- इस आशय से कि जिन आम लोगों की कमाई से ताजिदगी पगार पाते रहे, उन्हें भी तो पता चले कि उसका हासिल हिसाब क्या रहा।)
...............................................................................
रफ्तार से भागती रेलगाड़ी खटाखट चोपन की ओर बढ़ी जा रही थी। कुँवर सामने की बर्थ पर खर्राटे भर रहे थे। किन्हीं साहबान ने अचानक डिब्बे का दरवाजा खोल दिया, गलन भरी हवा का झोंका एकबारगी भीतर घुस आया। कम्बल-रजाई में लिपटी सवारियाँ गुड़मुड़ा कर गठरी बन गयीं। स्लीपिंग-बैग की चेन मुँह तक चढ़ा कर मैंने करवट बदली। आँखों में नींद नहीं उतर रही थी। उत्तरी विंध्य का यह इलाका मेरा बड़ा प्यारा मुकाम रहा है। एक बार फिर उधर बढ़ते हुए पुरानी यादें बरसाती बादलों जैसी घुमड़ती चली आ रही थीं।
बीस बरस की उमर में, 1973 की ऐसी ही एक ठिठुरन भरी आधी रात में, चलते ट्रक के डाले पर सिकुड़े हुए हम रह-रह कर कम्बल लपेटते किसी तरह सर्दी झेल रहे थे।
थरथराती शीत-लहरी से परलोक सिधारने वालों की खबरें रोज ही अखबारों में पढ़ने के बाद भी आवारा हवा-सा घूमने का नशा तब भी माथे पर चढ़ कर बोल रहा था। तैयारी में लगा, तो पंद्रह बरस के अजय भी साथ लग लिये। सर्दी का हवाला देकर उन्हें बरजने की बहुत कोशिश की - ‘बड़ी ठंड है, ऐसे में तुम कहाँ चलोगे, जाओ माँ से पूछ कर आओ।’

Wednesday, November 20, 2019

' अनजान मत बनिए !!'

' अनजान मत बनिए !!'
18.11.2019

क्या ऐसा हो गया, बतला !
कि यूँ मायूस क्यों हुए !!

छुपा रहे हैं आप जो !
कहे बिना भी ना छुपे !!

रहे चुपचाप ओ गुमसुम !
कि खामोशी बहुत बोले !!

ये मंज़िल है नहीं तेरी !
नहीं ठहरें चले चलिए !!

कि लम्बी हैं बहुत राहें !
यूँ आहत हो नहीं रुकते !!

ठिकाने मिल ही जाएंगे !
भरोसा आप पे रखिए !!

बहुत है कीमती हर पल !
कि रसिए डूब कर रमिए! !!

कि सुन कर टेर ये जगिए !
कि यूँ अनजान मत बनिए !!
-----

Monday, November 4, 2019

नव ऋतू,

Rakesh Tewari
Published by Rakesh TewariSeptember 23
नव ऋतू,
पग नान्हें,
बढ़ा रही,
धरती हरियाली,
छाय रही।
कांस खिले,
पाँतिन
पाँतिन,
बगुला पांखी
सिहराय रही।

आया है,

Rakesh Tewari
Published by Rakesh TewariSeptember 29
आया है,
नव रंग लिए,
नव कुसुम लिए,
रस गमक संग,
मधु पाग लिए।
रीझो इस पर,
रच लो,
सज लो,
भर कंठ छको,
घन नेह लिए।

पहिला कोहरा,

01/10/2019 

पहिला कोहरा, ओदी ओस,
झुरमुर तलुवा, लागै भोर !

'तार-तार हो सरक गयी'

Rakesh Tewari 31. 10.2019

'तार-तार हो सरक गयी'

सोचता रहा,
पग, धरते-बढ़ते,
कंकरीली पथ-पथरी,
भोथराय गयी ।

तट पर आन लगी,
भावों वाली बहिया,
गतिहीन हुई।
झप झप करती
सुख-दुःख ङोलनी, ठहरी,
लहरें, समभाव भईं ।

रसते-रमते,
हो चले परे,
उलझे फन्दों से दुनियावी।
गड़ने लागी,
हलकी हलचल से ही लहरें
तटबन्ध तोड़ उफनाय चलीं।
बड़ा वेग धर घन आयी .
कोमल मन पर चढ़ी यवनिका,
तार तार हो सरक गयी।।


भवसागर पार पँवरते बहते,
झंझावातों से जूझ रही ,
प्रबल, मोह-माया में,
सहसा, तलवों में नरम दूब
सहसा बढ़ती नेह धार, फिर,
------

'काश: मशगूल रह पाते !'

Rakesh Tewari 03.11.2019

'काश: मशगूल रह पाते !'

अपने अपने हिस्से की
तवारीख तलाशते,
दुनिया जहाँ में,

अफ्रीकी खित्तों सेद्वीपोंमहाद्वीपों के,कोने अतरों तक,हिज्जे हिज्जे में बँटने कीजद्दोजहद में।

अपनी अपनी
अलग पहचान बनाने की
बेमशरफ़ कोशिश में
खानदानी, मज़हबी,
भाषा-बोली,
तहज़ीबी 'पावर ज़ोन;
बनाने की
मृग मरीचिका में।

ज़ाहिरन,
जाने-अनजाने
फंस जाते हैं,
फ़र्ज़ी फ़सानों के
नारों वाली
फसादी फेहरिस्तों,
नामालूम सी
तदबीरों तकरीरों में।

इन्हीं फितरतों का
फायदा उठा कर,
बहका कर,
लोग जुट जाते हैं
बेजा ताकत बटोरने,
अपने ही कुल, कुनबे,
मुल्क पर
हुकूमत करने में।

आखिरकार,
हासिल नहीं होता
कुछ भी, सिवा
आपसी सिर फुटौवल
मारा मारी, जंग और
घुप्प अंधी गली में
धंसते हुए,
गुम हो जाने के।

काश !
हम पहुँच पाते उन,
मुकामों तक,
बेहतर रास्तो और
उसूलों के दम पर
कुदरती दस्तूर पर,
मशगूल रह पाते,
आपसदारी की बरकरारी में।
-------